विराट कोहली...! ऐसा क्या रखा है इस खिलाड़ी में कि जब भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले की बात आती है तो करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें किंग क...
विराट कोहली...! ऐसा क्या रखा है इस खिलाड़ी में कि जब भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले की बात आती है तो करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें किंग की तरफ उठ जाती हैं।
जवाब जानिएगा तो आप भी कुछ घंटों बाद होने वाले भारत-पाक मैच से पहले विराट से बेशुमार उम्मीदें लगाइएगा। विराट ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 मुकाबले खेले हैं। कोहली ने इनमें से 3 बार अपनी नॉट आउट तूफानी बल्लेबाजी से टीम इंडिया को जीत दिलाई है। चौथी दफा पिछले साल T-20 वर्ल्ड कप में जब पाक के खिलाफ सब बल्लेबाज फ्लॉप रहे थे, तब अकेले कोहली ने शानदार अर्धशतक जड़ा था। बाकी बल्लेबाज आ रहे थे और बिना कुछ किए जा रहे थे, विराट सीना ठोक कर खड़ा था।
टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद भारत और पाकिस्तान एशिया कप 2022 में 2 दफे आमने-सामने हुए। पहले मुकाबले में विराट ने सबसे ज्यादा 35 तो दूसरे मुकाबले में फिर एक बार सर्वाधिक 60 रन बनाए। पहली दफा भारत जीत गया लेकिन दूसरे मैच के 19वें ओवर में 19 रन देकर भुवनेश्वर ने कोहली की मेहनत पर पानी फेर दिया। भारत मुकाबला जरूर हार गया लेकिन विराट ने फिर एक बार अपनी बल्लेबाजी से हर दिल जीत लिया।
T-20 वर्ल्ड कप में विराट ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए 4 मुकाबलों में 226 की औसत से 226 रन बनाए हैं। इस दौरान किंग के बल्ले से 3 अर्धशतक आए हैं। वह 4 मैचों में 3 बार नाबाद लौटे हैं और तीनों ही बार भारतीय टीम ने दमदार जीत दर्ज की है। विराट ने 2012 T-20 वर्ल्ड कप में पाक के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 78 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 8 खूबसूरत चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए थे। यही नहीं, उस मैच में किंग ने 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट भी अपने नाम किया था। परिणाम रहा कि हिंदुस्तान ने 17 ओवर्स में 129 का टारगेट चेज करते हुए यह मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया था।
इसके 2 साल बाद 2014 में बांग्लादेश में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत 131 का टारगेट चेज कर रहा था। यहां भी विराट ने 32 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 36 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम इंडिया को 7 विकेट से जीत दिलाई थी। तमाम पाकिस्तानी फैंस की उम्मीदें मिट्टी में मिलाई थीं। 2016 के T-20 विश्व कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ किंग का बल्ला जमकर गरजा था। भारत के शुरुआती 3 विकेट धड़ाधड़ गिर गए थे लेकिन इसके बाद विराट ने 37 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस दौरान 148 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए विराट ने 7 चौकों और एक छक्के की झड़ी लगाई थी। ऐसा करके सुपर-10 राउंड में 7 विकेट से जीत हिंदुस्तान के नाम कराई थी।
2021 टी-20 वर्ल्ड कप में विराट के 57 रन बनाने के बावजूद हिंदुस्तान को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने ओपनिंग करते हुए ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा था। वर्ल्ड कप में मिली उस हार की टीस आज भी इंडियन क्रिकेट फैंस का दिल दुखाती है। उम्मीद है कि अबकी बार किंग फिर एक बार पाकिस्तान के खिलाफ प्रचंड बल्लेबाजी करके दिखाएगा। T-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 मैचों में से 2 बार 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब जीतने वाला विराट अपनी बैटिंग से हिंदुस्तान को फिर एक दफा मैच जिताएगा।



कोई टिप्पणी नहीं